चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

सुई डुंगरी में गुलदार के हमले से किशोर की मौत, वन विभाग ने परिजनों को दी ₹10 लाख की सहायता

ख़बर शेयर करें -

प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया, ट्रैप कैमरे और ड्रोन से निगरानी; गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

लोहाघाट/चम्पावत। विकासखंड के सुई डुंगरी गांव में 4 नवंबर को गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत की घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। गुरुवार को प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम और उप जिलाधिकारी नीतू डांगर ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की गई।

Ad Ad

घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा स्थापित किया गया है। निगरानी के लिए वन विभाग का विशेष स्टाफ तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैप कैमरों और ड्रोन के माध्यम से गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में शाम के समय गश्त की सीमा और तीव्रता भी बढ़ाई गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।