चम्पावत में दो सड़क कार्यों को 3.90 करोड़ मंजूर, 4.60 किमी मार्गों का होगा सुधारीकरण
सीएम धामी की घोषणाओं के तहत मिली वित्तीय स्वीकृति, बनगड़ी भूमेश्वर-डुगलानी और गौड़ी मिलान-लमकनिया मार्गों को मिलेगी सुविधा
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में दो सड़क कार्यों के लिए शासन ने 390.02 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के तहत कुल 4.60 किलोमीटर सड़क का सुधारीकरण किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में चम्पावत–खेतीखान मोटर मार्ग के किमी 21 से बनगड़ी भूमेश्वर होते हुए डुगलानी तोक तक 1.950 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 117.59 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, मानेश्वर चौड़ा राजपुरा मोटर मार्ग से गौड़ी मिलान मोटर मार्ग तथा लमकनिया मोटर मार्ग पर पूर्व निर्मित चौड़ाई में इंटरलॉकिंग टाइल्स से 2.650 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण के लिए 272.43 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में दोनों कार्यों के लिए प्रारंभिक तौर पर 10-10 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की भी स्वीकृति दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि कार्य शुरू करने से पहले नियमानुसार तकनीकी स्वीकृति सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्य किसी अन्य योजना में शामिल न हों और उनकी पुनरावृत्ति न हो। भूमि हस्तांतरण एवं वन संबंधी मामलों में निर्धारित मानकों और शासनादेशों का पालन किया जाएगा। शासन की इस स्वीकृति को मुख्यमंत्री के आदर्श चम्पावत के संकल्प के तहत ग्रामीण सड़क संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

