उप जिला अस्पताल लोहाघाट में तीन दिवसीय स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा संपन्न, 440 मरीजों ने उठाया लाभ
चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चम्पावत द्वारा ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ संकल्प के तहत आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा उप जिला अस्पताल लोहाघाट में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर के अंतिम दिन 440 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दूर-दराज से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। मरीजों को निःशुल्क एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच, रक्त परीक्षण, मधुमेह (शुगर) और उच्च रक्तचाप (बीपी) की जांच की सुविधा प्रदान की गई।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी (ANC) जांच भी निःशुल्क की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था, जिन्हें बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। इसके लिए जिले के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को तैनात किया गया था।

