उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

मात्र पांच हजार रुपये के शक में दोस्त को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी ‘इक्का’ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

पुलिस ने निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझा ली है

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक के ही करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महज 5 हजार रुपये की चोरी के शक में अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

Ad Ad

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 जुलाई को शिवनगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार पुत्र मुशाराम चंद के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। बाद में दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए, जबकि अनिल अपने दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।

पुलिस के मुताबिक सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने फिर शराब पी। इसके बाद सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया और गंभीर रूप से घायल करने के बाद रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसी शक में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।