लोहाघाट में शादी वाले घर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, 15 लाख का सामान स्वाहा
लोहाघाट/चम्पावत। जिस घर में महज दो दिन बाद बहू के कदम पड़ने वाले थे और मंगल गीतों की गूंज होनी थी, वहां बुधवार तड़के लगी एक भीषण आग ने पल भर में खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया। स्टेशन बाजार स्थित राज्य आंदोलनकारी एवं अधिवक्ता नवीन मुरारी, उनके बड़े भाई रमेश मुरारी और छोटे भाई भास्कर मुरारी के संयुक्त आवास में अचानक लगी आग से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जब तक सोकर उठे परिजन और पड़ोसी कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया था। फायर ब्रिगेड और लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

नवीन मुरारी के बेटे की शादी की तैयारियों में जुटे इस परिवार का कहना है कि अग्नितांडव में विवाह के लिए रखा कीमती सामान और अन्य संपत्ति मिलाकर करीब 15 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तुरंत पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद और नियमानुसार मुआवजा देने का भरोसा दिया। इस दुखद घटना के बाद से ही मुरारी परिवार के आवास पर सांत्वना देने वाले सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों का तांता लगा हुआ है।

