गौला बाईपास पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने हुआ भीषण हादसा, टक्कर इतनी जबरदस्त कि युवक का पैर का पंजा शरीर से अलग हुआ; लगातार दूसरे दिन हादसे से उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
हल्द्वानी। गौला बाईपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने से युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। गंभीर चोटों के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में युवक के पैर का पंजा तक शरीर से अलग हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या UK 06 BK 0927 सवार युवक गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के दौरान बाइक सवार को मृत पाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी समेत अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि गौला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा होने से इस मार्ग की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर गति नियंत्रण के इंतजाम करने, यातायात पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।

