चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत जिले के 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगी वृहद स्तर पर ‘आंगन मिलन सेवा’

ख़बर शेयर करें -

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता पर रहेगा जोर

चम्पावत। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए चम्पावत पहुंचीं। जिला सभागार पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पौधयुक्त गमला भेंट कर उनका स्वागत किया।

समीक्षा बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य महज कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने और प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर अधिक से अधिक स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Ad Ad

681 केंद्रों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

मंत्री ने कहा कि जिले के सभी 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जोड़ा जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों के योगदान को सम्मान देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्मिकों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने और प्रत्येक कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने पर जोर दिया।

पोषण से लेकर स्वास्थ्य जांच तक होंगे कार्यक्रम

जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक जिले के 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित की जाएगी। अभियान के दौरान पोषण आहार एवं टेक होम राशन का वितरण, गोद भराई, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और बच्चों की वृद्धि की निगरानी जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देने के साथ विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, दायित्वधारी हेमा जोशी, किरन देवी और दीपा जोशी, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास प्रकाश सिंह बृजवाल, डीपीआरओ महेश कुमार समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।