हिमवत्स ने मनाया स्तनपान सप्ताह, माताओं को किया जागरूक
चम्पावत। विश्व स्तनपान सप्ताह 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 के अवसर पर हिमवत्स संस्था की ओर से डॉ. जी.बी. बिष्ट, सचिव एवं पंकज बोहरा ने आंगनबाड़ी केंद्र, चौडा राजपुरा, चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की माताओं को स्तनपान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद एक घंटे के अंदर शिशु को मां का पहला पीला दूध पिलाना और 6 महीने तक केवल स्तनपान कराना शिशु के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। डॉ. जी.बी. बिष्ट ने कहा कि स्तनपान न केवल शिशु को रोगों से बचाता है बल्कि माँ के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। श्री पंकज बोहरा ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को स्तनपान एवं पोषण संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

