मानसून से पहले प्रशासन अलर्ट: टनकपुर में समीक्षा बैठक, सभी विभागों को 24×7 मुस्तैद रहने के निर्देश
टनकपुर/चम्पावत। आगामी मानसून को देखते हुए संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार एवं उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा मानसून को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने और पूरे मानसून काल में 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने, जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील एवं निचले इलाकों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार आरबीएम भरान कराने तथा छोटे-बड़े नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित आपदा प्रभावित स्थलों पर सतत निगरानी रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उपजिलाधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं आवश्यक मशीनरी, संसाधन एवं मानव बल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। बैठक में अधिकारियों को यह भी अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मानसून-2026 की तैयारियों की लगातार उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे हैं तथा प्रत्येक विभाग की कार्ययोजना पर नियमित नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि आमजन की सुरक्षा, जनसुविधाओं का निर्बाध संचालन और संभावित आपदाओं से प्रभावी बचाव शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। बैठक में तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्य, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मनोज तिवारी, वन विभाग की एसडीओ शालिनी जोशी, विद्युत विभाग के एसडीओ मयंक भट्ट, जल संस्थान के एसडीओ बीएस कुवार्बी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से जीवन सिंह नेगी एवं शशांक पांडे सहित लोक निर्माण विभाग, रेलवे विभाग, नलकूप विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

