चंपावतटनकपुरनवीनतमसामाजिक

गांधी मैदान में दीपावली मेले की धूम, आर्केस्ट्रा नाइट में जमकर थिरके दर्शक

ख़बर शेयर करें -

खानपान और लकी ड्रॉ कूपन स्टॉल पर उमड़ी भीड़; विधायक प्रतिनिधि, पालिकाध्यक्ष और पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष ने किया शुभारंभ

टनकपुर/चम्पावत। लायंस क्लब टनकपुर के तत्वावधान में गांधी मैदान में आयोजित दो दिवसीय दीपावली मेले का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक राजवार, नगर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा और पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

Ad Ad

मेले के पहले दिन गांधी मैदान में शहरवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शाम होते ही मेले में रौनक बढ़ने लगी। विभिन्न खानपान और व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं, लकी ड्रॉ कूपन स्टॉल पर भी लोगों ने खास रुचि दिखाई। आकर्षक पुरस्कार जीतने की उम्मीद में बड़ी संख्या में लोगों ने कूपन खरीदे।

आर्केस्ट्रा नाइट में संगीत और नृत्य का धमाल

मेले के पहले दिन आयोजित आर्केस्ट्रा नाइट ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। संगीत की धुन पर युवा और अन्य दर्शक जमकर थिरकते नजर आए। तालियों और संगीत की गूंज से गांधी मैदान देर रात तक उत्सवमय बना रहा। बच्चों और परिवारों ने भी मेले में पहुंचकर खानपान और मनोरंजन का आनंद लिया।

मेले के डायरेक्टर वैभव अग्रवाल ने बताया कि दूसरे और अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों के जूनियर एवं सीनियर ग्रुप के छात्र-छात्राओं की डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही लकी ड्रॉ निकाला जाएगा और कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों के सम्मान में सम्मान समारोह भी आयोजित होगा। इन कार्यक्रमों के साथ दो दिवसीय दीपावली मेले का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर लायंस क्लब अध्यक्ष रचित मेहरोत्रा, सचिव गौरव अग्रवाल, दीपक जैन, दीपक शारदा, पुनीत शारदा, संजय छतवाल, दीपक छतवाल, वैभव अग्रवाल, क्रांति मोहन सक्सेना, नरेश अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल और मोहित अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।