चंपावतटनकपुरनवीनतम

पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने का आरोप, 400-500 गाड़ी मलबा डालने की शिकायत

ख़बर शेयर करें -

उचौलीगोठ निवासी पंकज सिंह महर ने डीएफओ चम्पावत को भेजा पत्र, बेसकीमती साल के हरे पेड़ों के अवैध कटान और मलबा डालने की निष्पक्ष जांच की मांग

टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि रोपवे परियोजना के निर्माण कार्यों के दौरान वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अनियमितता और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा है। टनकपुर के ग्राम उचौलीगोठ निवासी पंकज सिंह महर ने इस संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

Ad

शिकायती पत्र में पंकज सिंह महर ने आरोप लगाया है कि पूर्णागिरि क्षेत्र में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना के तहत बाटनागाड़ की ओर से लगभग 400 से 500 गाड़ी आरबीएम (रेत, बजरी और पत्थर मिश्रित मलबा) लाकर संबंधित वन क्षेत्र में डाला गया है। इससे बड़े पैमाने पर भरान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य प्रथम दृष्टया निर्धारित मानकों और वन नियमों के विपरीत प्रतीत होता है।

पत्र में बेसकीमती प्रजाति के साल के हरे पेड़ों के अवैध कटान का मामला भी उठाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक काली मंदिर के समीप निर्माणाधीन अपर स्टेशन के आसपास भी साल के हरे पेड़ों को धराशायी कर दिया गया है। आरोप है कि पेड़ों को काटने के बाद उनकी लकड़ी मौके से हटाकर बिक्री की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि यह कार्य सक्षम विभागीय अनुमति के बिना किया गया है तो यह वन नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

पंकज सिंह महर ने वन संपदा को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा है कि इस तरह की गतिविधियों से बहुमूल्य वन संपदा को अपूरणीय क्षति पहुंच रही है और प्राकृतिक पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने डीएफओ से बाटनागाड़ से लाए गए आरबीएम की तत्काल स्थलीय जांच कराने तथा मलबा डालने और भरान के लिए संबंधित विभाग से अनुमति प्राप्त किए जाने की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर यदि अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य वन संरक्षक, कुमाऊं वृत्त, नैनीताल को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Ad