अल्मोड़ानवीनतमहादसा

भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं, 400 फीट गहरी खाई में गिरी मैक्स; मां-बेटी समेत तीन की मौत

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ से त्योहार मनाकर लौट रहा था परिवार, रातभर खाई में पड़े रहे शव; सुबह ग्रामीणों को मिली हादसे की जानकारी

अल्मोड़ा। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां दर्दनाक सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर हरड़ा गांव के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

Ad

जानकारी के अनुसार, हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा बुधवार सुबह अपनी 15 वर्षीय बेटी अंजली और गांव की अन्य महिलाओं के साथ भाई दूज मनाने पिथौरागढ़ के पाली गांव गई थीं। दिनभर भाई के साथ त्योहार मनाने के बाद सभी देर शाम मैक्स वाहन से वापस लौट रहे थे। हरड़ा गांव से करीब एक किलोमीटर पहले वाहन में सवार अन्य महिलाएं उतरकर अपने घर चली गईं। इसके बाद वाहन में बसंती गैड़ा, उनकी बेटी अंजली और चालक हयात सिंह उर्फ सूरज गैड़ा (28), निवासी न्योली ही रह गए।

बताया जा रहा है कि बंदीखोल मंदिर के पास अचानक मैक्स वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीनों लोग छिटककर आसपास जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात का समय और घटनास्थल सुनसान होने के कारण दुर्घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। पूरी रात तीनों के शव खाई में पड़े रहे। गुरुवार सुबह हादसे का पता चलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राजस्व पुलिस, रेगुलर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। भाई दूज का त्योहार मनाकर लौट रहे मां-बेटी समेत तीन लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हरड़ा के राजस्व पुलिस निरीक्षक गिरीश चंद्र जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Ad