टनकपुर में वन विभाग की एसओजी का छापा, लकड़ी की टाल से साल के 40 नग चिरान बरामद
आमबाग क्षेत्र में हरीश जोशी की टाल पर की कार्रवाई, लकड़ी जब्त कर जांच शुरू
टनकपुर/चम्पावत। वन संपदा के अवैध दोहन और लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की एसओजी टीम ने गुरुवार को टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक लकड़ी की टाल से साल प्रजाति की करीब 40 नग चिरान की गई लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम ने लकड़ी जब्त कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल के नेतृत्व में टीम ने खटीमा रेंज के अंतर्गत आमबाग क्षेत्र में हरीश जोशी की लकड़ी की टाल पर छापा मारा। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान काली पन्नी से ढकी साल प्रजाति की करीब 40 नग चिरान की गई लकड़ी मिली।

कार्रवाई के दौरान खटीमा रेंज के संबंधित वनकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। टाल स्वामी ने लकड़ी के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिन लकड़ी के अवैध रूप से रखे जाने की आशंका के चलते वन विभाग ने उसे जब्त कर लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल, वन दरोगा कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन बरोलिया, सीजी गोस्वामी, वन आरक्षी ललित बिष्ट और वाहन चालक चंदन बेदी शामिल रहे।

