उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड में 24 PCS अधिकारियों के तबादले, लोहाघाट की SDM नीतू डागर को हरिद्वार भेजा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने राज्य सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल करते हुए 24 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 12 नवंबर 2026 को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। तबादला सूची में प्रदेश के कई जिलों के डिप्टी कलेक्टरों के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के दायित्व भी बदले गए हैं।

इस फेरबदल में लोहाघाट की एसडीएम कलेक्टर नीतू डागर को हरिद्वार भेजा गया है। उनके स्थानांतरण के बाद चम्पावत में नए डिप्टी कलेक्टर की तैनाती को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बदलाव होगा। वहीं, विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और अन्य जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Ad

इन अधिकारियों के बदले गए कार्यक्षेत्र

शासनादेश के अनुसार राजकुमार पांडेय को चमोली से देहरादून, बृजेश कुमार तिवारी को उत्तरकाशी से टिहरी और अभय प्रताप सिंह को ऊधमसिंह नगर से देहरादून स्थानांतरित किया गया है। शिप्रा जोशी को नगर निगम रुद्रपुर में उप नगर आयुक्त के पद से हटाकर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। अपर्णा ढोंढ़ियाल को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अधिशासी निदेशक डोईवाला चीनी मिल बनाया गया है, जबकि चीनी मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह को डिप्टी कलेक्टर टिहरी भेजा गया है। तुषार सैनी को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल स्थानांतरित किया गया है। मनीष बिष्ट को डिप्टी कलेक्टर एवं क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल, ऊधमसिंह नगर के पद से हटाकर निदेशक, प्रशासन एवं मॉनीटरिंग, पंतनगर तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

देवानन्द को उत्तरकाशी से पौड़ी गढ़वाल, गौरव पाण्डेय को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल और कुमकुम जोशी को देहरादून से हरिद्वार भेजा गया है। रेखा कोहली को नैनीताल से ऊधमसिंह नगर तथा मुकेश चन्द्र रमौला को उत्तरकाशी से देहरादून स्थानांतरित किया गया है। अमृता शर्मा को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल, नवाजिश खलीक को नैनीताल से अल्मोड़ा और शालिनी मौर्य को पौड़ी गढ़वाल से हरिद्वार भेजा गया है। इसी क्रम में चन्द्रशेखर को चमोली से उत्तरकाशी, मंजू राजपूत को टिहरी से हरिद्वार और अबरार अहमद को चमोली से उत्तरकाशी स्थानांतरित किया गया है।

वहीं सुनील कुमार को अल्मोड़ा से रुद्रप्रयाग, नीतू डागर को चम्पावत से हरिद्वार, संजय कुमार को अल्मोड़ा से ऊधमसिंह नगर तथा रेखा को पौड़ी गढ़वाल से ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। कृष्णा त्रिपाठी को रुद्रप्रयाग से चमोली स्थानांतरित किया गया है। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपनी वर्तमान तैनाती के पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित आख्या एवं प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Ad