बनबसा में खोया मुंबई के पर्यटक का लाखों का iPhone 17 Pro बरामद, पुलिस ने लौटाया
CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस को मिली सफलता, मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक ने जताया आभार
बनबसा/चम्पावत। बनबसा बाजार में घूमने के दौरान खोया मुंबई निवासी पर्यटक का लाखों रुपये कीमत का iPhone 17 Pro मोबाइल फोन चम्पावत पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने गुरुवार 12 नवंबर को मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी अमित जयराम सिंह के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस को यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी अमित जयराम सिंह पुत्र जयराम सिंह का iPhone 17 Pro मोबाइल 5 अगस्त 2026 को बनबसा बाजार में कहीं खो गया था। उन्होंने इसकी सूचना थाना बनबसा में दी थी।

इसके बाद बनबसा पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए तकनीकी स्तर पर मोबाइल की तलाश शुरू की। पुलिस के प्रयासों से मोबाइल बनबसा क्षेत्र से बरामद कर लिया गया और गुरुवार को उसे उसके स्वामी को सौंप दिया गया। खोया हुआ कीमती मोबाइल वापस मिलने पर अमित जयराम सिंह ने खुशी जताई और चम्पावत पुलिस की तत्परता एवं सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
चम्पावत पुलिस की अपील: मोबाइल फोन खोने पर घबराएं नहीं। CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं और आवश्यक पुलिस कार्रवाई में सहयोग करें।

