तीन घंटे एंबुलेंस का इंतजार, रास्ते में मरीज ने तोड़ा दम; विरोध में कपकोट बाजार बंद
कपकोट के व्यापारी रमेश चंद्र तिरुवा की मौत से क्षेत्र में आक्रोश, जिले की 10 एंबुलेंस में दो खराब; व्यवस्था पर उठे सवाल
बागेश्वर। पर्वतीय क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की एक और तस्वीर कपकोट में सामने आई है। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे 50 वर्षीय व्यापारी रमेश चंद्र तिरुवा को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उन्हें समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। करीब तीन घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस उपलब्ध हुई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को कपकोट बाजार बंद रखकर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील रोड पर जनरल स्टोर चलाने वाले रमेश चंद्र तिरुवा बुधवार को रोजाना की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें अल्मोड़ा जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। पूर्व सभासद तनुज तिरुवा के अनुसार, रमेश को अल्मोड़ा ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। करीब तीन घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस मिली। इसके बाद उन्हें लेकर रवाना हुए, लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे कोसी (अल्मोड़ा) के पास एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई।
जिले में 10 एंबुलेंस, दो खराब
108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी सौरव कठायत ने बताया कि जिले में कुल 10 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें से दो खराब होने के कारण खड़ी हैं। खराब वाहनों की मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण बनलेख से वाहन मंगाना पड़ा, जिससे पहुंचने में देरी हुई।
व्यापारियों ने बंद रखा बाजार
रमेश चंद्र तिरुवा के निधन से कपकोट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ आक्रोश भी है। घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सरयू और खीरगंगा के संगम पर रमेश का अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में विधायक सुरेश गड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
स्थानीय लोगों ने जिले में पर्याप्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने, खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि पहाड़ में अस्पतालों की दूरी और दुर्गम रास्तों के चलते मरीजों को पहले ही मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गंभीर मरीज को समय पर एंबुलेंस तक नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

