बागेश्वर: 21 वर्षीय विवाहिता की मौत मामले में नया खुलासा, सुसाइड नोट में पति पर लगाए गंभीर आरोप
बीते मंगलवार को गोशाला के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला था शव
बागेश्वर। जनपद के कौसानी थाना क्षेत्र में बीते दिनों 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को घटनास्थल से मृतका के हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर पति को जिम्मेदार ठहराते हुए मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट मिलने के बाद मामले की जांच और भी संवेदनशील हो गई है।
मंगलवार को कौसानी क्षेत्र के भोजगण गांव निवासी 21 वर्षीय रूपा सजवान पत्नी अमित सिंह का शव बीते मंगलवार को गोशाला के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। घटना के बाद से ही मृतका की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। मृतका की मां गीता देवी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
पुलिस जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट में रूपा देवी ने अपने जीवन की पीड़ा को शब्दों में बयां किया है। नोट के अनुसार, उसने अपने वैवाहिक जीवन को बचाने और परिवार की खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास किए। उसने कई मंदिरों में जाकर मन्नतें भी मांगीं, लेकिन इसके बावजूद उसे सम्मान और विश्वास नहीं मिला। मृतका ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उस पर बेवफाई और चरित्रहीनता जैसे गंभीर आरोप लगाए। इन आरोपों ने उसे अंदर तक तोड़ दिया। उसने लिखा कि जिन लोगों के साथ उसने जीवन बिताने का सपना देखा था, वहीं लोग उस पर लगातार संदेह करते रहे।
सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसे परिवार में कभी वह स्थान नहीं मिला जिसकी वह अपेक्षा करती थी। उसने खुद को घर में एक सदस्य के बजाय नौकरानी जैसा महसूस करने की बात लिखी है। मृतका के अनुसार लगातार मानसिक दबाव, आरोप-प्रत्यारोप और उपेक्षा ने उसकी जिंदगी को इतना कठिन बना दिया कि उसे कोई दूसरा रास्ता दिखाई नहीं दिया। नोट में उसने अपनी जिंदगी खत्म करने के फैसले के पीछे इन्हीं परिस्थितियों को जिम्मेदार बताया है।
मृतका के मायकेवालों ने कोतवाली में तहरीर देकर ससुरालियों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। अपनी तहरीर में उन्होंने कहा है कि उनकी पुत्री रूपा का विवाह एक वर्ष पूर्व भोजगण निवासी अमित सजवाण के साथ हुआ था। आरोप है कि पति अमित, ससुर लाल सिंह और ससुराल के अन्य लोग रूपा को कम दहेज लाने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। वे पांच लाख रुपये नकद लाने का भी दबाव बना रहे थे।। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट और दहेज हत्या के आरोपों कि जांच की जा रही है और उसकी सत्यता सहित अन्य पहलुओं को भी परखा जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय लाल साह ने बताया है कि मामले की जांच जारी है। उनके अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा।

