नवीनतमनैनीतालहादसा

गधेरे में डूबने से बीसीए छात्र की मौत, दोस्तों के साथ घूमने गया था चांफी

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/नैनीताल। गर्मी से राहत पाने के लिए गधेरे में नहाने उतरे 19 वर्षीय छात्र की रविवार को डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा भीमताल से करीब 10 किलोमीटर दूर चांफी क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद परिजनों और कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बमौरी निवासी आदित्य पाठक (19) पुत्र दीपक पाठक अपने सात दोस्तों के साथ चांफी घूमने गया था। सभी युवक वहां एक गधेरे में नहाने उतरे। इसी दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

Ad Ad

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आदित्य को पानी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि आदित्य भीमताल के एक निजी कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में उसके साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

इस हादसे के बाद परिवार और कॉलेज में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, गधेरों और झरनों में नहाने से बचें। प्रशासन ने भी प्रतिबंधित एवं जोखिम वाले जलस्रोतों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।