सेवानिवृत्ति से 28 दिन पहले सैनिक महेंद्र सिंह का निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
महेंद्र सिंह देहरादून स्थित डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में तैनात थे, वह कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कौसानी स्टेट निवासी एवं डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में तैनात सैनिक महेंद्र सिंह का सेवानिवृत्ति से महज 28 दिन पहले संदिग्ध हृदयाघात के कारण निधन हो गया। वह अवकाश पर अपने घर आए हुए थे और दो दिन बाद पुनः ड्यूटी पर लौटने वाले थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय महेंद्र सिंह, स्वर्गीय खड़क सिंह के पुत्र थे। शनिवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कैलाश नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदयाघात प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। महेंद्र सिंह देहरादून स्थित डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में तैनात थे। वह कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे। उन्हें दो दिन बाद फिर ड्यूटी जॉइन करनी थी, जबकि उनकी सेवानिवृत्ति 30 अगस्त को प्रस्तावित थी। परिवार उनके स्थायी रूप से घर लौटने की तैयारियों में जुटा था, लेकिन रिटायरमेंट से ठीक पहले उनके निधन ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
रविवार देर शाम सरयू-गोमती संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। कौसानी से पहुंची सिग्नल कोर की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके पुत्र विशाल और विक्रम ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
महेंद्र सिंह के निधन की खबर से कौसानी और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

