नवीनतमनैनीतालस्वास्थ

हल्द्वानी स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में 31 करोड़ की अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर मशीन अंतिम चरण में, जल्द मिलेगी आधुनिक रेडियोथेरेपी सुविधा

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट हल्द्वानी में करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जा रही अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर (Linear Accelerator) मशीन का इंस्टॉलेशन अंतिम चरण में पहुंच गया है। जनवरी में अस्पताल पहुंची इस मशीन को स्थापित करने का कार्य पिछले लगभग पांच महीनों से लगातार जारी है।

रविवार को इंजीनियरों और तकनीशियनों ने मशीन की केबलिंग और हार्डवेयर इंस्टॉलेशन का कार्य किया। मशीन को जिस विशेष कक्ष में स्थापित किया जा रहा है, उसकी सुरक्षा के लिए लगभग डेढ़ मीटर मोटी कंक्रीट की दीवारें बनाई गई हैं, ताकि उपचार के दौरान निकलने वाला रेडिएशन बाहर न जा सके और मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Ad Ad

स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रो. डॉ. केसी पांडे ने बताया कि अगले करीब दो माह में मशीन का इंस्टॉलेशन पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मशीन की तकनीकी टेस्टिंग और गुणवत्ता जांच की जाएगी तथा रिपोर्ट भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) को भेजी जाएगी। वहां से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही मरीजों का उपचार शुरू किया जाएगा।

नई लीनियर एक्सीलरेटर मशीन शुरू होने के बाद कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक और अधिक सटीक रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मस्तिष्क, स्तन, फेफड़े, प्रोस्टेट समेत कई प्रकार के कैंसर का उपचार पहले की तुलना में अधिक प्रभावी, सुरक्षित और कम दुष्प्रभावों के साथ किया जा सकेगा।

मशीन के संचालन से कुमाऊं मंडल सहित आसपास के जिलों के मरीजों को उन्नत कैंसर उपचार के लिए अन्य राज्यों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों कम होंगे तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।