उत्तराखण्डनवीनतमपिथौरागढ़मनोरंजन

पिथौरागढ़ के मयंक कापड़ी की बड़ी उपलब्धि, ए.आर. रहमान के संगीत में फिल्म ‘पेद्दी’ के लिए गाया गीत

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ निवासी युवा गायक और संगीतकार मयंक कापड़ी ने एक बार फिर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विश्वविख्यात संगीतकार ए.आर. रहमान के संगीत निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ के गीत “Suri’s Lament” के कन्नड़ संस्करण में मयंक ने अपनी आवाज़ दी है।

फिल्म ‘पेद्दी’ में अभिनेता राम चरण मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ शिवराजकुमार, जान्हवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक बूची बाबू सना ने किया है। तेलुगु में बनी यह फिल्म हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में रिलीज़ हुई है और इसे इस वर्ष की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल किया जा रहा है।

Ad Ad

मयंक कापड़ी इससे पहले भी ए.आर. रहमान के संगीत निर्देशन में कई प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने हॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘एवेंजर्स’ के भारतीय संगीत प्रोजेक्ट में भी अपनी आवाज़ दी है। इसके अलावा भारत की सबसे बड़े बजट की फिल्मों में शामिल ‘कल्कि 2898 AD’ में उन्होंने पांच भाषाओं में दो गीत गाए और संगीतकार संतोष नारायणन के साथ फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्तमान में चेन्नई में रह रहे मयंक कापड़ी कंपोज़र, म्यूज़िक प्रोड्यूसर, सिंगर और परफ़ॉर्मर के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वे दक्षिण भारतीय फिल्मों में प्लेबैक सिंगिंग के साथ-साथ शॉर्ट फिल्मों और विज्ञापनों के लिए भी संगीत तैयार कर रहे हैं और कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।

संगीत के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ ही मयंक अपने साथी कलाकारों के साथ मिलकर ‘ऑडियो स्कल्प्टर्स एकेडमी’ का संचालन भी करते हैं, जहां शुरुआती विद्यार्थियों को म्यूज़िक प्रोडक्शन, कंपोज़िशन और म्यूज़िक मेकिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है। उनका कहना है कि वे अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ के लिए भी संगीत के माध्यम से विशेष योगदान देना चाहते हैं।

मयंक की इस उपलब्धि पर उनके पिता जगदीश चंद्र कापड़ी, हाल ही में प्रधानाध्यापिका पद से सेवानिवृत्त हुईं माता इंद्रा कापड़ी तथा जिला चिकित्सालय में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत बहन डॉ. वर्षा कापड़ी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।