चम्पावत : कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न हो बाहर: जिलाधिकारी
चम्पावत में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की समीक्षा, 95.10% नोटिस वितरण पूरा
चम्पावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने रविवार को समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बूथ स्तर पर नोटिस वितरण, सुनवाई की प्रगति तथा अभियान के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुनवाई से एक दिन पूर्व सभी आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि पहली बार में किसी मतदाता तक नोटिस नहीं पहुंचता है तो दोबारा नोटिस जारी किया जाए, आवश्यकतानुसार नोटिस चस्पा किए जाएं तथा परिवारजनों एवं पड़ोसियों से संपर्क कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
उन्होंने सभी ईआरओ को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही दावे एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई “Book-a-Call with BLO” सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से सीधे संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं का आसानी और पारदर्शी तरीके से समाधान करा सकते हैं।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप प्रकाशन के बाद विभिन्न श्रेणियों के मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों, बूथवार सत्यापन, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्ययोजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि जनपद की 54-लोहाघाट और 55-चम्पावत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57,261 नोटिसों में से 54,455 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। इस प्रकार जनपद में 95.10 प्रतिशत नोटिस वितरण का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर सुनवाई एवं सत्यापन की कार्रवाई भी लगातार जारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एसडीएम बी.सी. पंत, एसडीएम नीतू डागर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी सहित सभी ईआरओ एवं एईआरओ वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

