नवीनतमनैनीताल

नैनीताल मार्ग पर सड़क पर गिरा चीड़ का पेड़, आयुक्त दीपक रावत ने मौके से कराया यातायात बहाल

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर वल्दियाखान के पास रविवार दोपहर सड़क पर अचानक चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। संयोगवश उसी दौरान वहां से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर रुककर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

आयुक्त दीपक रावत ने घटनास्थल से ही जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाने और यातायात शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए।

Ad Ad

मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान आयुक्त ने फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही पेड़ हटाकर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

घटना के दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं उन्हें रोकते हुए ऐसा जोखिम न उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और धैर्य बनाए रखें।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर यातायात बहाल कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।