चम्पावत पुलिस ने 12 खोए मोबाइल बरामद कर लौटाई लोगों की मुस्कान, ₹1.49 लाख के फोन मालिकों को सौंपे
बनबसा/चम्पावत। आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई के दम पर चम्पावत पुलिस ने विभिन्न राज्यों और जनपदों से गुम हुए 12 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 1.49 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में थाना बनबसा पुलिस की विशेष टीम ने सर्विलांस सेल और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों की तकनीकी जांच की। इसके बाद पीलीभीत, बिहार, दिनेशपुर, पिथौरागढ़, दिल्ली, कन्नौज, खटीमा सहित विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से कुल 12 मोबाइल सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
सोमवार को थाना बनबसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए चम्पावत पुलिस का आभार जताया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को संचार साथी ऐप, सीईआईआर पोर्टल, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा तथा मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करें। चम्पावत पुलिस की इस तकनीक आधारित जनहितकारी कार्रवाई की लोगों ने सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।

