चम्पावत में घर-घर हरा और नीला कूड़ादान वितरण अभियान शुरू, कचरा पृथक्कीकरण पर दिया जोर
चम्पावत। नगर पालिका परिषद चम्पावत ने सोमवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन में घर-घर हरा एवं नीला कूड़ादान वितरण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर से कूड़े का पृथक्कीकरण सुनिश्चित कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देना है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रेमा पांडेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष एवं सभासदों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने नगरवासियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए कूड़े को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग एकत्रित करने की अपील की।


उन्होंने बताया कि जैविक (गीला) कचरा, अजैविक (सूखा) कचरा, सैनिटरी वेस्ट (डायपर, सेनेटरी पैड आदि) तथा विशेष देखभाल युक्त घरेलू अपशिष्ट जैसे बैटरियां, पेंट के डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलें, ट्यूब लाइट और एक्सपायरी दवाइयों को अलग-अलग रखकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही निस्तारित किया जाना चाहिए।
अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा केवल घर-घर कूड़ा संग्रह करने वाले स्वच्छता कर्मियों अथवा नगर पालिका के कूड़ा वाहनों को ही दें और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें। उन्होंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह स्वच्छता कर का नियमित भुगतान करने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम में सभासद नंदन सिंह तड़ागी (भैरवा वार्ड), गौरव कॉलोनी (कनलगांव वार्ड), प्रेमा चिलकोटी (छतार वार्ड) तथा नामित सभासद गौरव पांडेय और पुष्पा ओझा सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद चम्पावत ने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल चम्पावत के निर्माण के लिए इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

