चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: लोहाघाट में शादी समारोह से गायब ₹5 लाख के सोने के मंगलसूत्र बरामद

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तत्परता दिखाते हुए एक महिला के गुम हुए करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर सकुशल बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम का आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ की रहने वाली जगदीश्वरी पाण्डेय ग्राम कनेड़ी, लोहाघाट में एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम के बाद घर वापस लौटते समय उनके करीब 5 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के मंगलसूत्र कहीं गिर गए या गुम हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब जेवर नहीं मिले, तो पीड़िता ने बीते 3 मई 2026 को थाना लोहाघाट में इसकी लिखित सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चम्पावत के कुशल निर्देशन में लोहाघाट पुलिस ने तुरंत खोजबीन अभियान शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और लगातार सुरागरसी में जुटी रही।

Ad Ad

25 दिन की कड़ी मेहनत लाई रंग…

पुलिस टीम की करीब 25 दिनों की अथक मेहनत, सतर्कता और मुस्तैदी आखिरकार रंग लाई। आज, 28 मई 2026 को पुलिस ने दोनों गुमशुदा मंगलसूत्रों को ढूंढ निकाला और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सकुशल सुपुर्द कर दिया। अपने कीमती जेवर वापस पाकर महिला और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में लोहाघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सोनिका जोशी, हेड कांस्टेबल ध्यान सिंह (डायल 112), कांस्टेबल राजेन्द्र गिरी (डायल 112), हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, रविन्द्र शर्मा, रेनु पथियाल तथा कांस्टेबल संजय साहनी, विरेन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह, महिला कांस्टेबल रेनू पोखरिया और कांस्टेबल संजीव राज की मुख्य भूमिका रही। स्थानीय जनता ने भी पुलिस की इस ईमानदारी और सक्रियता की जमकर तारीफ की है।

Ad