चम्पावत में मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली रफ्तार, पुरानी जेल की 1.062 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित
गोरलचौड़ मैदान के समीप बनेगा आधुनिक ओपन एयर थियेटर, चम्पावत के पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शासन ने चम्पावत स्थित पुरानी जिला कारागार की 1.062 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में अपर सचिव श्रीमती तृप्ति भट्ट द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप गोरलचौड़ मैदान के समीप स्थित पुरानी जेल परिसर की भूमि पर पर्यटन विभाग द्वारा एक आधुनिक ओपन एयर थियेटर का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के साकार होने से जनपद में सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी, वहीं स्थानीय कलाकारों और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक मंच उपलब्ध होगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शासन से भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित विभागों के समन्वय से सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर परियोजना के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओपन एयर थियेटर के निर्माण से चम्पावत की पर्यटन क्षमता को नया विस्तार मिलेगा, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण और बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यह परियोजना जनपद के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

