सीएम धामी ने शेर नाला पर 120 मीटर डबल लेन पुल का किया लोकार्पण, ₹9.93 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, दायित्वधारियों, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा विभिन्न जनसमस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में ₹993 लाख की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।
शेर नाला के बरसात के मौसम में उफान पर आने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। जलस्तर बढ़ने पर मार्ग बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब नए पुल के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

