चम्पावत के चर्चित मामले में कांग्रेस नेता आनंद माहरा को हाईकोर्ट से जमानत
किशोरी के ट्रायल कोर्ट में पूर्व बयानों से पलटने के बाद मिली राहत, 13 मई से न्यायिक हिरासत में थे माहरा
नैनीताल/चम्पावत। चम्पावत के बहुचर्चित कथित दुष्कर्म प्रकरण में हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा को जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने ट्रायल कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज होने के बाद दाखिल दूसरी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह राहत दी। सुनवाई के दौरान अदालत के संज्ञान में लाया गया कि किशोरी ने ट्रायल कोर्ट में अपने पूर्व के बयानों से पलटते हुए मामले में आनंद सिंह माहरा की संलिप्तता से इनकार किया है। माहरा 13 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में थे। इससे पहले ट्रायल कोर्ट उनकी 23 मई और छह अक्टूबर को दाखिल जमानत याचिकाएं खारिज कर चुका था।
मामला पांच मई 2026 का है, जब चम्पावत जिले के एक गांव में शादी समारोह से 16 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। बाद में किशोरी एक डेयरी में मिली थी। पिता की शिकायत पर विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन सिंह रावत के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी के शुरुआती बयान में भाजपा के एक पूर्व मंडल अध्यक्ष का नाम भी सामने आया था। आठ मई को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने प्रेसवार्ता में मेडिकल, फोरेंसिक, सीसीटीवी और सीडीआर साक्ष्यों का हवाला देते हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को संदिग्ध बताया था। पुलिस ने कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को कथित साजिश का मास्टरमाइंड बताया था। बाद में क्रॉस एफआईआर और घटनाक्रम से जुड़े आरोप-प्रत्यारोप के बीच 11 मई को आनंद सिंह माहरा को साजिश को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
प्रकरण में पुलिस के अलग-अलग बयानों, विरोधाभासी एफआईआर और दोनों पक्षों के दावों ने मामले को लगातार विवादों में बनाए रखा। कांग्रेस नेताओं, विपक्षी दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए देहरादून के गांधी पार्क में प्रदर्शन कर न्यायिक जांच की मांग की थी। वहीं, बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने किशोरी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे किशोर न्याय कानून का उल्लंघन बताया था। अब ट्रायल कोर्ट में किशोरी के बदले हुए बयानों के बाद हाईकोर्ट से आनंद सिंह माहरा को जमानत मिलने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

