उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

अंकिता भंडारी के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठे, विनोद आर्य और सहयोगियों पर मुकदमे की मांग

ख़बर शेयर करें -

पिता बोले- विनोद आर्य और अनुज मंडल की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा अनशन, बेटी के मोबाइल फोन की भी निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

देहरादून। अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है। परिजनों का आरोप है कि कई थानों के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने अब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की है। उनके धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे।

Ad

दरअसल, बीते दिनों विनोद आर्य और उनके साथ एक अधिवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उसके कथित दोस्त को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद विवाद खड़ा हो गया। अंकिता के माता-पिता ने इसे अपनी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए विरोध जताया है।

धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता का कहना है कि बेटी को खोने का दर्द झेलने के बाद अब उसकी निजी बातचीत सार्वजनिक कर उसके सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। अंकिता की मां ने उसके मोबाइल फोन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि अंकिता का मोबाइल फोन विनोद आर्य के पास हो सकता है। उन्होंने मोबाइल फोन की बरामदगी और उससे जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।

अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य और उनके सहयोगी उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही हैं, जबकि उन बातचीत में उनकी बेटी ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी थी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक विनोद आर्य और अनुज मंडल की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। पिता ने कहा कि परिवार का उद्देश्य केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाना है।

Ad