लोहाघाट में 25 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद, लोहाघाट से जुटाकर बरेली के नवाबगंज में बेचने की थी तैयारी
चम्पावत। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लोहाघाट क्षेत्र में एक तस्कर को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चरस को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज में बेचने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर 25 नवंबर को थाना लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने सूचना के आधार पर पुल्ला-पंचेश्वर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग एवं कार्रवाई की। इस दौरान सुरेश सिंह तिसल्ला (निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, चम्पावत) को 4 किलो 100 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

बरेली में बेचने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने चरस लोहाघाट क्षेत्र से एकत्रित की थी और इसे बरेली जिले के नवाबगंज निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस अब चरस की आपूर्ति के स्रोत और खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश भी की जा रही है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
थाना लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे। वहीं, एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

