चम्पावत : मादली के पास दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर, चार लोग घायल
चम्पावत। चम्पावत-लोहाघाट मार्ग पर मादली के समीप गुरुवार रात करीब दस बजे चम्पावत से लोहाघाट जा रही बोलेरो और लोहाघाट से चम्पावत आ रही कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना मिलने के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचाया गया।
दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान विपिन मुरारी (30 वर्ष), संजय राम (27 वर्ष), ईश्वर राम (46 वर्ष) और भाय राम (28 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें विपिन मुरारी बोलेरो चालक बताए गए हैं, जबकि ईश्वर राम कार चालक थे। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की।

