चम्पावत साइंस सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में, कैंप फैसिलिटी, कैफेटेरिया और ऑडिटोरियम बनकर तैयार
विज्ञान गैलरी में यूकॉस्ट स्थापित कर रहा विभिन्न एक्जीबिट, डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने किया स्थलीय निरीक्षण
चम्पावत। जनपद में निर्माणाधीन साइंस सेंटर का कार्य तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। परिसर में साइंस कैंप फैसिलिटी, कैफेटेरिया भवन और ऑडिटोरियम का निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं, विज्ञान गैलरी में यूकॉस्ट (UCOST) की ओर से विभिन्न वैज्ञानिक प्रदर्शों (एक्जीबिट) को स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में परियोजना को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदार को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने यूकॉस्ट के प्रतिनिधियों से भी वार्ता कर विज्ञान गैलरी में एक्जीबिट स्थापित करने का कार्य जल्द पूरा करने के लिए समन्वय बनाया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार परियोजना की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि साइंस सेंटर को जल्द आमजन के लिए उपलब्ध कराया जा सके। साइंस सेंटर के तैयार होने से जनपद में विज्ञान, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा मिलने के साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं को विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के जेई नीरज, संबंधित ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

