बनबसा में अग्निवीर भर्ती रैली: तीसरे दिन 850 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़, 674 सफल
गुरुवार को चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थियों की होगी भर्ती प्रक्रिया
बनबसा/चम्पावत। बनबसा सैन्य स्टेशन के मैदान में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन बुधवार को पिथौरागढ़ जिले की छह तहसीलों के 850 से अधिक युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में 674 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
बुधवार को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल तहसीलों के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। सुबह से ही सेना के जवानों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच कर उन्हें भर्ती स्थल में प्रवेश दिया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें शारीरिक परीक्षण के अगले चरण के लिए भेजा गया।

तीसरे दिन दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण गुरुवार को किया जाएगा। वहीं, पहले और दूसरे दिन सफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण जारी है। जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित भर्ती रैली का संचालन भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव के निर्देशन में किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, दस्तावेजों की जांच और दौड़ की व्यवस्थाएं सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने संभालीं। भर्ती रैली के चौथे दिन गुरुवार, 26 नवंबर को चम्पावत जिले की चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे।


