उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड में चली तबादला एक्सप्रेस, 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों के तबादले, छह जिलों को मिले नए SSP

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर के पुलिस कप्तान बदले; शासन ने देर रात जारी की तबादला सूची

देहरादून। उत्तराखंड में शासन ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों समेत कुल 34 अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। तबादला सूची में PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारी भी शामिल हैं। इस फेरबदल में छह जिलों को नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) मिले हैं।

Ad

प्रशासनिक फेरबदल के तहत एलएल फैनई को एक बार फिर प्रमुख सचिव आबकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिलीप जावलकर से सचिव वित्त का प्रभार हटा दिया गया है। रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा बनाया गया है, जबकि उनसे तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है।

बृजेश कुमार संत से खनन और आबकारी विभाग हटाकर उन्हें सचिव खेल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन बनाया गया है। युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा तथा रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आईपीएस अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल का प्रभार वापस लिया गया है। रीना जोशी को अपर सचिव श्रम, विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मनोज गोयल को अपर सचिव वित्त और मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह बनाया गया है। अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता एवं निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी मिली है।

PCS अधिकारियों में बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी तथा इलागिरि को आयुक्त नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। सचिवालय सेवा में विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटाया गया है, जबकि महिमा रौंकली को अपर सचिव वन की जिम्मेदारी दी गई है।

छह जिलों के पुलिस कप्तान बदले

पुलिस विभाग में हुए बड़े फेरबदल के तहत मंजूनाथ टीसी से नैनीताल एसएसपी की जिम्मेदारी वापस लेकर उन्हें 31वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी, देवेंद्र पींचा को पौड़ी का एसएसपी और सरिता डोभाल को टिहरी का एसएसपी बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव-2 को चमोली का पुलिस अधीक्षक तथा जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

अन्य पुलिस अधिकारियों में पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम, श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी, अमित श्रीवास्तव-1 को एसपी अभिसूचना और विशाखा अशोक को एसपी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अजय गणपति को सेनानायक एसडीआरएफ, सर्वेश पंवार को एसपी सुरक्षा, जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार को एसपी पुलिस मुख्यालय तथा शाहजहां अंसारी को एसपी फायर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। इस बड़े फेरबदल को आगामी चुनावों से पहले प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

Ad