उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत, पुलिस विभाग में शोक

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई। शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए एक जानवर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2009 बैच के 41 वर्षीय कांस्टेबल भुवन आर्या पुत्र मनीराम, निवासी मित्रपुरम, जोहार ज्योति, दमुवाढूंगा, हल्द्वानी, ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनात थे। शुक्रवार रात वह बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सेंटर प्वाइंट होटल के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए जानवर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भुवन आर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में जानवर के सींग से उनके सीने के पास गंभीर चोट आई।

Ad Ad

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। भुवन आर्या की मौत की खबर मिलते ही उनके पिता मनीराम, छोटे भाई कमल चंद्र आर्या समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। भुवन आर्या तीन भाइयों में बीच के थे। उनके परिवार में पत्नी और सात वर्ष का बेटा है। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत की खबर से पुलिस विभाग में भी शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों ने भुवन आर्या के निधन पर गहरा दुख जताया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।