खेल और सेवा का अद्भुत संगम: राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी विष्णु गिरी गोस्वामी स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित
चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन चम्पावत की ओर से आयोजित समारोह में स्वास्थ्य एवं खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाले मुख्य फार्मेसी अधिकारी विष्णु गिरी गोस्वामी को सम्मानित किया गया। जिला चिकित्सालय चम्पावत में तैनात गोस्वामी को बैडमिंटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण के लिए प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया। विष्णु गिरी गोस्वामी ने प्रतिष्ठित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता में लगातार दो वर्षों तक उत्तराखंड और जनपद चम्पावत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सत्र 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने के साथ राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करना उनके समर्पण और अनुशासन को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव का विषय बताया गया।
सम्मान समारोह में अधिकारियों ने गोस्वामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राजकीय सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच खेल के प्रति उनका समर्पण अन्य कर्मचारियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। विष्णु गिरी गोस्वामी को मिले इस सम्मान पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।

