जनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

डाइट लोहाघाट में कौशलम शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न, 54 शिक्षकों ने सीखे उद्यमशीलता के गुर

ख़बर शेयर करें -

कक्षा 9 से 12 तक के प्रशिक्षण का अंतिम चरण पूरा, विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने पर जोर

लोहाघाट/चम्पावत। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) लोहाघाट में समग्र शिक्षा उत्तराखंड और उद्यम लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘कौशलम एंटरप्रेन्योरशिप माइंडसेट करिकुलम’ के तहत कक्षा 12 के शिक्षकों का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण के साथ ही जनपद में कक्षा 9 से 12 तक के कौशलम शिक्षक प्रशिक्षण के सभी चरण पूरे हो गए हैं।

Ad Ad

प्रशिक्षण के अंतिम चरण में जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों से पहुंचे 54 शिक्षकों ने कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के बीच कौशलम पाठ्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यावहारिक गतिविधियों के संचालन की जानकारी हासिल की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को ऐसी शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना रहा, जिनसे विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमशीलता की सोच विकसित की जा सके।

कार्यक्रम के जिला समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी ने कहा कि कौशलम कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल रोजगार तलाशने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें समस्या समाधान, नेतृत्व क्षमता, जोखिम उठाने का साहस और उद्यमशील मानसिकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के माध्यमिक विद्यालयों में संचालित यह कार्यक्रम भविष्य में युवाओं के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर खीम सिंह बोहरा, नीरज जोशी, डॉ. ललित मोहन और देवेंद्र पुनेठा ने विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। उद्यम लर्निंग फाउंडेशन की जिला समन्वयक नैना ने तकनीकी एवं समन्वय संबंधी कार्यों में सहयोग किया। समापन सत्र में डाइट प्राचार्य और संकाय सदस्यों ने प्रतिभागी शिक्षकों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग शिक्षक अपने विद्यालयों में करेंगे और विद्यार्थियों को नवाचार, समस्या समाधान तथा उद्यमशीलता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर शुभकामनाएं दी गईं।