उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमहरिद्वार

अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, पूर्व विधायक सुरेश राठौर के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें -

दीपिका राठौर की शिकायत पर सहारनपुर में पुलिस की दबिश; पांच करोड़ रुपये मांगने, मानहानिकारक टिप्पणियों और जान से मारने की धमकी देने के आरोप

हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के परिवार से जुड़े मामले में हरिद्वार पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये मांगने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उर्मिला सनावर सोशल मीडिया के माध्यम से उनके और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रही थीं, जिससे उनकी छवि प्रभावित हो रही थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि व्हाट्सऐप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने रविवार को सहारनपुर में दबिश देकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले से संबंधित एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। एसपी सिटी दीपक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

अंकिता भंडारी प्रकरण के चलते भी चर्चा में रहा नाम

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर समय-समय पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस होती रही है। उर्मिला सनावर का नाम भी इस प्रकरण से जुड़े विवादों के कारण चर्चा में रहा है। उनकी गिरफ्तारी के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।