क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

जिला अस्पताल में रील बनाकर फेसबुक पर डालना पड़ा भारी, चम्पावत पुलिस ने किया चालान

ख़बर शेयर करें -

जिला चिकित्सालय में वीडियो बनाने के मामले में संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाकर की पूछताछ, काउंसलिंग के बाद लिखित माफीनामा

चम्पावत। जिला चिकित्सालय में रील बनाकर फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में चम्पावत पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने उसे थाने बुलाकर पूछताछ की, काउंसलिंग की और उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया। साथ ही, भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 152 के तहत चालानी रिपोर्ट न्यायालय भेजी जा रही है।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को जिला चिकित्सालय चम्पावत में रील बनाकर फेसबुक पर पोस्ट करने का मामला सामने आया था। इस पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली चम्पावत पुलिस ने 25 अक्टूबर को संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने जानकारी के अभाव में ऐसा करना बताया। उसने भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की रील नहीं बनाने का लिखित माफीनामा भी दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कर उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की।

सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखने की अपील

चम्पावत पुलिस ने लोगों से अस्पतालों, विद्यालयों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर केवल लाइक्स और शेयर पाने के लिए वीडियो या रील नहीं बनाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से आमजन को असुविधा हो सकती है और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखने और जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की अपील की है।