लोहाघाट : लीगेसी वेस्ट के समयबद्ध निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने किया फर्नील ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण
लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने तथा जनपद को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य निरंतर गति से किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को लोहाघाट स्थित फर्नील ट्रेंचिंग ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मा. सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लीगेसी वेस्ट को शीघ्र एवं शत-प्रतिशत समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रॉमेल मशीन के माध्यम से कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए कार्य में और तेजी लाने तथा मॉडल वेस्ट मैनेजमेंट के रूप में विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


जिलाधिकारी ने कम्पोस्टिंग यूनिट का भी निरीक्षण किया तथा जैविक अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ट्रेंचिंग ग्राउंड में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लीगेसी वेस्ट का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक निस्तारण जनपद की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा आमजन के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद लोहाघाट श्री गोविन्द वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लोहाघाट श्री सौरभ नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

