चम्पावत : वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती को भावभीनी विदाई, जिला पंचायत सभागार में सम्मान समारोह आयोजित
चम्पावत। तीन दशक से अधिक समय तक प्रशासनिक सेवा में अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती को बुधवार को जिला पंचायत सभागार में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। 33 वर्षों की उत्कृष्ट सरकारी सेवा पूर्ण करने पर आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विजय उप्रेती ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान जिला पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न मेलों एवं आयोजनों के सफल संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से हर नए बोर्ड और जनप्रतिनिधियों को मार्गदर्शन मिलता रहा, जिससे संस्था की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ हुई।

अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, कर अधिकारी प्रेमा कोहली तथा वित्त अधिकारी उमेश डांगी सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि विजय उप्रेती जैसे ईमानदार, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के साथ कार्य करना उनके लिए प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि उप्रेती की कार्यशैली और अनुशासन आने वाली पीढ़ी के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। समारोह के दौरान जिला पंचायत परिवार की ओर से विजय उप्रेती को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी धर्मपत्नी का भी सम्मान कर उनके सहयोग और योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने विजय उप्रेती को सेवानिवृत्ति जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

