क्राइमचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर के मनिहारगोठ में दो पक्षों में मारपीट, बीच-बचाव करने वाले समेत तीन घायल

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र की ग्राम सभा मनिहारगोठ में बुधवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में एक पक्ष का युवक, बीच-बचाव करने आया व्यक्ति तथा एक अन्य सहयोगी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल टनकपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनिहारगोठ स्थित एक सर्विस सेंटर के पास यह विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि नसीम खान (28) पुत्र शकील खान, निवासी रजा नगर, थाना न्यूरिया, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) अपनी पत्नी से मिलने मनिहारगोठ पहुंचा था। उसकी पत्नी का मायका मनिहारगोठ में है और वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया गया कि पत्नी के घर पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान नसीम खान और बीच-बचाव करने आए शरीफ (32) पुत्र नूर खान, निवासी वार्ड नंबर-4, टनकपुर घायल हो गए। घटना में एक अन्य सहयोगी के भी चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।

Ad Ad

घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं। नसीम खान का आरोप है कि उसे पत्नी के परिजनों ने बुलाया था, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि वह स्वयं वहां पहुंचा था और अपने साथ धारदार हथियार लेकर आया था। उनका आरोप है कि वह पत्नी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया, जहां ईएमओ डॉ. आफताब आलम की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।