उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

‘पहले आप, पहले आप’ के शिष्टाचार को मीडिया ने झगड़ा बना दिया: हरीश रावत

ख़बर शेयर करें -

यशपाल आर्य के माला पहनाने के प्रसंग पर पूर्व सीएम ने जताई नाराजगी, बोले- भ्रामक वीडियो बनाकर गॉसिप बाजार का हिस्सा बनाया जा रहा

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने यशपाल आर्य के साथ माला पहनाने के प्रसंग को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और खबरों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे पारस्परिक स्नेह, आदर और शिष्टाचार का प्रसंग बताते हुए कहा कि कुछ मीडिया मित्रों ने इसे झगड़े के रूप में प्रस्तुत कर दिया, जो पूरी तरह गलत है।

Ad

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनका कर्मक्षेत्र पहले बागेश्वर रहा है और यशपाल आर्य वहां पहुंचे थे। यशपाल आर्य कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता हैं और प्रदेश अध्यक्ष तथा सीएलपी नेता प्रदेश में महत्वपूर्ण पदों पर हैं। ऐसे में वह उन्हें माला पहनाकर स्वागत करना चाहते थे। हालांकि, यशपाल आर्य पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उम्र में बड़े होने के कारण हरीश रावत को माला पहनाना उनका अधिकार है।

रावत के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच माला पहनाने की जिद चलती रही। वह यशपाल आर्य और उनके पद के प्रति सम्मान जताते हुए माला पहनाना चाहते थे, जबकि यशपाल आर्य उन्हें सम्मान देने की भावना से माला पहनाने पर अड़े थे। आखिरकार यशपाल आर्य ने ही उन्हें माला पहनाई। रावत ने इसे यशपाल आर्य की विनम्रता बताया।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की भावनाओं को समझे बिना वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत करना और उसे सोशल मीडिया के गॉसिप बाजार का हिस्सा बनाना निंदनीय है। यह ‘पहले आप, पहले आप’ जैसी शिष्टाचार की स्थिति थी, जिसमें यशपाल आर्य उनका आदर करना चाहते थे और वह पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे आर्य का सम्मान करना चाहते थे।

हरीश रावत ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में शिष्टाचार और सम्मान की परंपरा है, जबकि भाजपा में वरिष्ठ लोग लाइन में इंतजार करते रह जाते हैं और कहीं से पर्ची उठाकर मुख्यमंत्री या मंत्री बना दिए जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के एक अन्य वीडियो प्रसंग पर भी टिप्पणी की। रावत ने कहा कि शैलजा उनके प्रयासों पर हंसते हुए उनके सिर पर हाथ रख रही थीं, लेकिन उसे भी अलग अर्थ देकर प्रस्तुत किया जा रहा है। ऐसे प्रसंगों को गलत तरीके से दिखाने के प्रयासों पर उन्हें हंसी आती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियों ने उन्हें सावधान जरूर कर दिया है। अब वह और उनके साथी एक-दूसरे के प्रति आदर और स्नेह प्रकट करते समय भी सतर्क रहेंगे, क्योंकि कुछ मीडिया संस्थान नेताओं के बीच खामियां तलाशने की कोशिश में लगे रहते हैं।

Ad