श्रीनगर में पैरामेडिकल छात्रा नहर में गिरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
= सुपाणा में जल विद्युत परियोजना की नहर में गिरने की सूचना, पुलिस और जल पुलिस तलाश में जुटी
श्रीनगर/पौड़ी। श्रीनगर गढ़वाल के चौरास क्षेत्र स्थित सुपाणा में 20 वर्षीय पैरामेडिकल छात्रा के जल विद्युत परियोजना की नहर में गिरने की घटना से हड़कंप मच गया। नहर किनारे छात्रा का बैग मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें छात्रा नहर में गिरती दिखाई दे रही है। पुलिस और जल पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को परिजनों की सूचना पर पुलिस और जल पुलिस की टीम सुपाणा पहुंची। मौके पर जांच के दौरान नहर किनारे छात्रा का बैग बरामद हुआ। इसके बाद जल विद्युत परियोजना के पावर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची गई। फुटेज में छात्रा नहर में गिरती नजर आई।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा की पहचान प्राची कठैत (20) पुत्री महिपाल कठैत, निवासी गंगानाली श्रीकोट के रूप में हुई है। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में पैरामेडिकल के बीओटीटी पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष की छात्रा थी। सूचना मिलने पर अपर उपनिरीक्षक दीपेंद्र रावत, हेड कांस्टेबल राजेश रावत और जल पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का पता नहीं चल सका।

मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राची प्रथम वर्ष की छात्रा थी। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते वह पूर्व में भी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सकी थी। चौरास चौकी प्रभारी दीपेंद्र रावत के अनुसार, छात्रा की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। छात्रा किन परिस्थितियों में नहर में गिरी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। तलाश अभियान जारी है।

