‘आज खुद को विधायक महसूस कर रहा हूं’, हाईकोर्ट के फैसले के बाद खुशाल अधिकारी ने कहा- 2027 की तैयारी शुरू
निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज होने के बाद पत्रकार वार्ता, बोले- यह सत्य और जनता के विश्वास की जीत
लोहाघाट/चम्पावत। भले ही उन्होंने मार्च 2022 में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक का पद संभाला था, लेकिन अब जाकर खुद को विधायक महसूस कर रहे हैं। यह कहना है लोहाघाट के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का। हाईकोर्ट से निर्वाचन के पक्ष में फैसला आने के एक दिन बाद गुरुवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अंततः इंसाफ की जीत हुई है।
खुशाल सिंह अधिकारी ने हाईकोर्ट के फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताते हुए कहा कि यह जीत उस जनता की भी है, जिसने 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें छह हजार से अधिक मतों से विजयी बनाया था। न्यायालय के फैसले से वह बेहद उत्साहित हैं और इसे अपने लिए बड़ी राहत मानते हैं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने और फिर जनता से आशीर्वाद मांगने का नैतिक और कानूनी अधिकार भी मिल गया है। विधायक अधिकारी के मुताबिक, फैसले के साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

