चम्पावत : खुतेली गांव में युवती की मौत, पारिवारिक विवाद से परेशान होने की बात सामने आई
जमीन बंटवारे को लेकर विवाद का दावा, पुलिस को घटनास्थल से मिला पत्र
पाटी/चम्पावत। चम्पावत जिले के पाटी ब्लॉक के खुतेली गांव में 20 वर्षीय युवती की मौत से परिवार में मातम छा गया। पुलिस के मुताबिक युवती अपने घर में मृत मिली। घटनास्थल के पास एक पत्र भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पाटी थाने के उप निरीक्षक दिनेश भट्ट के अनुसार 18 नवंबर की शाम सात बजे के बाद 112 नंबर पर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम थाने से करीब 35 किलोमीटर दूर खुतेली गांव पहुंची। वहां रंजना उर्फ रेनु (20), निवासी खुतेली, अपने कमरे में मृत मिली। घटनास्थल के पास एक पत्र भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को पारिवारिक विवाद और गाली-गलौज से परेशान होने की बात सामने आई है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतका के पिता राजेंद्र सिंह महरा गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि भाई भी घर से बाहर रहता है। युवती गांव में अपनी मां और बहन के साथ रहती थी। पुलिस ने घटना की सूचना पिता और भाई को दे दी है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेजा गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।

