लोहाघाट : देर रात वन विभाग को मिली सफलता, सुई क्षेत्र में गुलदार ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा
15 सदस्यीय टीम की लगातार गश्त और निगरानी के बीच चला अभियान, गुलदार पकड़े जाने से ग्रामीणों को मिली राहत
चम्पावत। ग्राम सुई क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ लिया। बीते दिनों गुलदार के हमले में एक बालक की मौत के बाद क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही थी। गुलदार पकड़े जाने से सुई और आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।



जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश, डीएफओ धिनो पुरुषोत्तम के मार्गदर्शन और उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) सुनील कुमार के नेतृत्व में गुलदार को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि देर रात टीम को गुलदार को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने में सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि ग्राम सुई में गुलदार के हमले में बालक की मृत्यु के बाद वन विभाग की 15 सदस्यीय टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। अभियान के तहत दो ट्रैंकुलाइजिंग टीमें तैनात की गई थीं। एक टीम का नेतृत्व नैनीताल में कार्यरत वरिष्ठ पशु चिकित्सक हिमांशु पांगती और दूसरी टीम का नेतृत्व वन दरोगा अजय दीप टम्टा कर रहे थे।
गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में 20 ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा लाइव कैमरों, ड्रोन और दूरबीन की मदद से निगरानी की जा रही थी। गुलदार को पकड़ने के लिए छह पिंजरे भी लगाए गए थे। ग्रामीणों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर अंधेरे वाले स्थानों में रोशनी के लिए पांच सोलर लाइटें उपलब्ध कराई गई थीं। एसडीओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने और झाड़ियों की सफाई करने की अपील की। उन्होंने गुलदार से संबंधित पुरानी अथवा असत्यापित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की भी अपील की, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति न बने।

