पहली बार चम्पावत में महिलाओं के लिए होगा भव्य ‘सावन उत्सव-2026’, तैयारियां अंतिम चरण में
चम्पावत। जनपद चम्पावत में पहली बार महिलाओं की प्रतिभा, संस्कृति और संस्कार को समर्पित ‘सावन उत्सव-2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

उत्सव में जिले की माताओं, बहनों और बेटियों को लोकगीत, लोकनृत्य, सावन गीत, झूला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक परिधानों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में मनोरंजक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी जाएगी।
आयोजन स्थल को सावन की हरियाली, पुष्प सज्जा और पारंपरिक थीम के अनुरूप सजाया जा रहा है। महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, बैठने की समुचित व्यवस्था और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियां लगातार तैयारियों में जुटी हुई हैं।
सेवा संकल्प फाउंडेशन का कहना है कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को नया आयाम देने का प्रयास है। साथ ही यह भारतीय संस्कारों, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम बनेगा।
फाउंडेशन ने जनपद की सभी माताओं, बहनों और बेटियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
📍 09 अगस्त 2026 – जीजीआईसी सभागार, चम्पावत
📍 11 अगस्त 2026 – मिलन वाटिका, टनकपुर (चम्पावत)

