क्राइमदेशनवीनतम

पार्किंग विवाद में पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी की सरेआम गोली मारकर हत्या, जमीन पर गिरने के बाद भी बरसाईं गोलियां

ख़बर शेयर करें -

फरीदाबाद में सनसनीखेज वारदात, CCTV में कैद हुई पूरी घटना; महिला के रोकने पर भी नहीं रुका आरोपी, 15 राउंड फायरिंग का दावा

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में पड़ोसी ने पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ (42) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी परमजीत के जमीन पर गिरने के बाद भी उन पर गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। बीच-बचाव करने पहुंची महिला ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता रहा।

Ad

चार मिनट की बहस के बाद निकाली पिस्तौल

जानकारी के अनुसार, आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा और परमजीत धनखड़ के बीच किसी बात को लेकर करीब चार मिनट तक बहस हुई। इसके बाद मोहन ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए परमजीत ने भागने और घर का गेट बंद कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।

जमीन पर गिरने के बाद भी नहीं रुका आरोपी

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है। परमजीत के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने पिस्तौल में दूसरी मैगजीन डालकर फायरिंग जारी रखी। इस दौरान वह कथित तौर पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी देता सुनाई दिया। बीच-बचाव करने आई महिला रिश्तेदार को भी उसने गाली देकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने कुल 15 राउंड फायर किए, जिनमें तीन से चार गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

भतीजे की शादी में सिंगापुर से आए थे भारत

परमजीत धनखड़ टेक महिंद्रा में एशिया-पैसिफिक रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे। वर्तमान में वह सिंगापुर की एफपीटी सॉफ्टवेयर कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। वह अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए महज दो दिन पहले ही सिंगापुर से फरीदाबाद स्थित अपने घर पहुंचे थे। लेकिन शादी की खुशियों के बीच परिवार को इस दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा।

पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहन कबाड़ का कारोबार करता है। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा पालतू कुत्ते को लेकर भी पहले कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा

वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन को बल्लभगढ़ के डीएलएफ चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। परमजीत के बेटे की शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Ad